हिमाचल शीतलहर की चपेट में, कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान शून्य से 14.8 डिग्री नीचे

शिमला:  हिमाचल प्रदेश में हिमपात के बाद राज्य के कई क्षेत्र शीतलहर की चपेट में हैं। राज्य के करीब नौ हिस्सों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के कुकुमसेरी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 14.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। विभाग के अनुसार शुक्रवार और शनिवार को राज्य के निचले और मैदानी क्षेत्रों में शीतलहर को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के उच्च पर्वतीय कुछ क्षेत्रों में 29 फरवरी तक मौसम खराब रह सकता है।

पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से राज्य के कई भागों में 26 और 27 फरवरी को बारिश-बर्फबारी हो सकती है। आज राजधानी शिमला और अन्य हिस्सों में मौसम साफ रहा। पिछले दिनों हुए हिमपात से राज्य में अभी भी 300 से अधिक सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। वहीं 162 बिजली ट्रांसफार्मर और 11 पेयजल आपूर्ति स्कीमें भी बाधित हुई हैं।

शिमला में न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस, सुंदरनगर 1.6, भुंतर 0.1, कल्पा का शून्य से नीचे 5.0 डिग्री, धर्मशाला 5.2, ऊना 3.2, नाहन 6.1, पालमपुर 2.5, सोलन 0.7, मनाली में शून्य से नीचे 1.9 डिग्री, कांगड़ा 4.2, मंडी 2.1, बिलासपुर 3.5, चंबा 2.6, डलहौजी 2.0, जुब्बड़हट्टी 4.4 डिग्री, कुफरी में शून्य से 1.2 डिग्री नीचे, कुकुमसेरी में शून्य से 14.8 डिग्री नीचे, नारकंडा में शून्य से 3.7 डिग्री नीचे, भरमौर शून्य से 2.5 डिग्री नीचे और देहरागोपीपुर में 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *