देवव्रत की उपस्थिति में पटेल ने ‘जल उत्सव’ का किया उद्घाटन

गांधीनगर:  गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत की उपस्थिति में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुरुवार को अमरेली जिले की लाठी तहसील के दुधाला गांव में राज्य के पहले 10 दिवसीय ‘जल उत्सव 2023’ का उद्घाटन किया।

देवव्रत ने इस अवसर पर कहा कि आज का दिन राज्य के लिए काफी महत्वपूर्ण है। राज्य का पहला जल उत्सव दुधाला की धरती पर मनाया जा रहा है। जल ही जीवन है। जल के बिना खेती-बाड़ी, पशु-पक्षी, जीवसृष्टि सहित जड़ और चेतन आदि की कल्पना तक नहीं की जा सकती। मुख्यमंत्री का संकल्प आगामी दिनों में राज्य को पानी की समस्या से मुक्त करने का है। यह संकल्प न केवल गुजरात, बल्कि दूसरे प्रदेश की सरकारों के लिए भी प्रेरणादायी बनेगा।

अमरेली में हुए जल संचयन के भगीरथ कार्य को पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने का विचार व्यक्त करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यहां सरकारी अनुपयोगी भूमि से बबूल की झाड़ियों को हटाने के बाद विभिन्न किस्मों के पेड़- पौधे लगाकर जंगल को हरा-भरा बनाने का कार्य किया जा सकता है। इससे वर्षा में वृद्धि के साथ-साथ पर्यावरण में भी सुधार होगा।

उन्होंने कहा कि विकसित राज्य की संकल्पना को साकार करने के लिए औद्योगिक क्रांति की गति बढ़ाई जाएगी, जिसका आधार बिजली और पानी है। इसके लिए राज्य में बिजली और पानी की कमी को हमेशा के लिए दूर किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *