भरूच में फार्मास्युटिकल यूनिट से 1410 लीटर तरल ट्रामाडोल बरामद
भरूच: आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) नेगुजरात में भरूच जिले के दहेज में एक फार्मास्युटिकल यूनिट में लगभग 1410 लीटर तरल ट्रामाडोल बरामद किया है।
एटीएस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि विशेष सूचना के आधार पर एटीएस और एसओजी की टीम ने दहेज जीआईडीसी स्थित एक फार्मा कंपनी पर छापेमारी की। इस दौरान मौके से 31.02 करोड़ रुपये की ट्रामाडोल टैबलेट के निर्माण के लिए उपयोग किए जाने वाला लगभग 1410 लीटर अवैध तरल ट्रामाडोल बरामद किया गया। इस अवैध मात्रा को जांच के लिए सीज कर दिया गया है।
इस सिलसिले में एटीएस ने मामला दर्ज करके दो लोगों को गिरफ्तार कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच के दौरान पता चला है कि मुंद्रा सीमा शुल्क विभाग द्वारा 28 जुलाई 2024 को कच्छ जिले के मुंद्रा में एक संदिग्ध निर्यात कंटेनर की तलाशी ली गई थी। जिसके दौरान पश्चिम अफ्रीकी देशों सिएरा लियोन और नाइजर को निर्यात होने वाली 110 करोड़ रुपये कीमत की कुल 68 लाख रुपये कीमत की अवैध ट्रामाडोल टैबलेट पकड़ी गई। उपरोक्त पकड़े गए लोगों द्वारा यह अवैध मात्रा तैयार कर भेजी गईं थीं।












