हरिके बैराज से हजारों क्यूसेक पानी अभी भी जा रहा है पाकिस्तान
श्रीगंगानगरः एक तरफ राजस्थान का श्रीगंगानगर जिला नहरी पानी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध न होने के कारण त्रस्त है, वहीं पंजाब के फिरोजपुर जिले में स्थित हरिके बैराज से अभी भी रोजाना हजारों क्यूसेक पानी पाकिस्तान की तरफ छोड़ा जा रहा है।
इसे लेकर श्रीगंगानगर जिले के किसान संगठनों में भारी आक्रोश है। किसान संगठनों के प्रतिनिधि बार-बार पंजाब जाकर श्रीगंगानगर जिले को सिंचित करने वाली गंग कैनाल के लिए इस महीने निर्धारित पानी के शेयर का जायजा ले रहे हैं। पहले की अपेक्षा पानी की उपलब्धता में आज कुछ सुधार हुआ है,लेकिन निर्धारित 2800 क्यूसेक शेयर के मुताबिक पानी अभी भी नहीं मिल रहा।
गंग कैनाल प्रोजेक्ट चेयरमैन हरविंदरसिंह गिल ने बताया कि पंजाब में आरडी 45 से गंग कैनाल में आज पानी की मात्रा बढ़ाकर 2000 क्यूसेक हो गई है। धीरे-धीरे पानी बढ़ रहा है लेकिन पिछले चार-पांच दिनों में आई कमी के कारण गंग कैनाल का सिस्टम पूरी तरह से लड़खड़ा गया है।












